जौनपुर। शाही पुल के निकट गोपी घाट पर बुधवार को स्वच्छ गोमती अभियान द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान का डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने नदी के किनारे साफ-सफाई कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ईओ को फटकार लगाई और कहा कि ऐतिहासिक शेर मूर्ति परिसर से अतिक्रमण 15 दिन के अंदर हट जाना चाहिए।
गोमती नदी प्रदूषण और गंदगी से पट गई है। नदी की सफाई के लिए स्वच्छ गोमती अभियान ने पहल शुरू किया है। जिसके क्रम में डीएम भी नदी के किनारे पहुंचे और उन्होंने सफाई कार्य का शुभारंभ कर नगर पालडिका परिषद के ईओ कृष्ण चंद्र को कहा कि घाट की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने गोपी घाट पर गोमती आरती कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन अपने स्तर से हरसंभव मदद करेगा। स्वच्छ गोमती अभियान के अध्यक्ष गौतम गुप्ता ने नदी के घाट पर खुले में शौच पर रोक लगाए जाने और ऐतिहासिक शेर स्थल पर दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। डीएम ने कहा कि नदी के घाट पर शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। ऐतिहासिक शेर स्थल से भी अतिक्रमण हटा दिया जाएगा। इस मौके पर मनोज तिवारी, अंजू पाठक, बृजेश मौर्य, डा. ब्रम्हेश शुक्ल, चंदन निषाद, बलराम निषाद, मुन्ना सिंह, संगीता अग्रवाल, किरण, छाया सेठी, सुधांशु विश्वकर्मा, सुनील सोनी, मनीष सेठ, संजय गुप्ता, अजीत सैनी, आशुतोष सिंह, राजेश यादव, प्रमोद श्रीवास्तव, उदय प्रताप यादव आदि मौजूद रहे।