जौनपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक जिला संयोजक सरोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में सरस्वती इंटर कालेज शास्त्री नगर में हुई। जिसमें शिक्षकों की समस्या पर चर्चा की गई। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि अब तक जो उपलब्धियां मिली हैं वह शिक्षक साथियों के संघर्षों का परिणाम है। सरकार से कुछ प्राप्त करने के लिए संघर्ष ही एकमात्र विकल्प है। फरवरी में शिक्षामंत्री के साथ संगठन की चार मांगों तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, एलटी शिक्षकों के प्रोन्नति में परास्नातक की अनिवार्यता समाप्त करना, सीटीएलटी. का संलयन तथा माध्यमिक शिक्षकों को राजकीय कर्मचारियों की भांति चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने पर वार्ता हुई थी। सरकार ने सहमति प्रदान की थी लेकिन दुर्भाग्यवश अब सरकार वादाखिलाफी की जा रही है। मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन तीन से 21 जुलाई तक शिक्षक भ्रमण कर नौ जुलाई को विद्यालयों पर कलमबंद हड़ताल कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। 23 से 30 जुलाई तक मंडल के विभिन्न जनपदों पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना, नौ अगस्त को क्रांति दिवस के अवसर पर मशाल जुलूस निकाल कर सरकार को चेतावनी दी जाएगी। 12 से 31 अगस्त तक मंडल मुख्यालयों पर धरना, पांच अगस्त को लखनऊ में राज्य परिषद की बैठक आहूत है। समस्याओं का निस्तारण न होने की दशा में सितंबर माह में विधान सभा का घेराव करने पर संगठन बाध्य होगा। नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक के द्वारा 128 नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन बिना किसी आदेश के अवरुद्ध करने पर आक्रोश ब्यक्त किया गया। बैठक में संकठा प्रसाद सिंह, डा. राकेश सिंह, नरसिंह बहादुर सिंह, सुधाकर सिंह, मुरली पाल, ठाकुर प्रसाद तिवारी, इंद्रपाल सिंह, विनय ओझा, विनय सिंह, सीतांशु दूबे, समर बहादुर सिंह, तेरस यादव, ओम प्रकाश सिंह आदि मौजूद थे। संचालन पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने किया।