जौनपुर। मथुरा में पकड़े गए फर्जी शिक्षकों की जांच को लेकर जौनपुर में भी अभिलेख खंगाले जा रहे हैं। एसटीएफ ने मथुरा से स्थानांतरित होकर आए शिक्षकों का रिकार्ड तलब किया है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक मथुरा में शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रही एसटीएफ को जौनपुर में भी फर्जी शिक्षकों की भनक मिली है। जांच के लिए एसटीएफ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से संबंधित शिक्षकों के रिकार्ड तलब किया है। मथुरा से जुड़े फर्जी शिक्षकों का रैकेट जौनपुर में भी जड़ जमाए है। 29 हजार विज्ञान, गणित के शिक्षकों की हुई भर्ती में चयनित 108 शिक्षकों के सभी प्रपत्रों को तलब किया गया है। विभागीय सूत्रों की माने तो मथुरा में हुए फर्जी शिक्षकों की भर्ती में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 108 लोगों ने नौकरी हासिल कर ली थी। भर्ती के बाद अंतरजनपदीय स्थानातंरण के दौरान फर्जी शिक्षकों ने वहां से गैर जनपद स्थानांतरण करा लिया। जौनपुर आए शिक्षकों से संबंधित रिकार्ड तलब किए गए हैं।