मुफ्तीगंज (जौनपुर)। बाजार में आढ़े तिरछे खड़े वाहनों से आए दिन जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। दुकानदार जहां अपने सामान को सड़क की पटरी पर रखकर अतिक्रमण कर लेते है। ठेले खोमचे वालों भी सड़क की पटरी पर पूरी तरह अतिक्रमण कर रहे हैं। जब बाजार में सड़क की पटरी पर वाहन आड़े तिरछे खड़े कर दिए जाते हैं तो जाम की स्थिति खड़ी हो जाती है। डग्गामार वाहनों के कारण समस्या और भी बढ़ जाती है। मनमाने ढंग से सवारियों को उतारते और चढ़ाने के लिए जगह-जगह वाहन रोक दिए जाते हैं। मना करने पर यह मारपीट पर उतारू हो जाते है। जिसकी वजह से आए दिन जाम लगता रहता है। जबकि जौनपुर-गाजीपुर रोड पर रोजाना हजारों की संख्या में छोटे बड़े वाहन गुजरते है। आस पास के लगभग दर्जनों गांव के लोग हजारों की संख्या में रोजाना बाजार करने आते है। बाजार में पुलिस चौकी भी स्थित है। इसके बाद भी जाम से निजात नहीं मिल पा रही है।