जौनपुर। होमगार्ड्स अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक कर बस्ती जिले में निष्कासित किए गए होमगार्डो के मामले में नाराजगी जताई। डीएम को पत्रक सौंपकर जवानों की बहाली किए जाने की मांग की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामधनी राम ने कहा कि जवानों का निष्कासन अनुचित है। उन्हें बहाल किया जाए नहीं तो जवान प्रदेश स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। महामंत्री अनिल कुमार राय ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से वार्ता हुए दो माह बीत गया लेकिन लेकिन अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं किया गया। जुलाई तक प्रतीक्षा करने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। बक्शा पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। बैठक में पदाधिकारियों ने अपील की कि ड्यूटी करते हुए मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेश अध्यक्ष मुकेश द्विवेदी के नेतृत्व में प्रदेश के जवान आंदोलन करेंगे। इस मौके पर अमर बहादुर, सभाजीत राम, प्रदीप दुबे, हरिश्चंद्र यादव, महेंद्र कुमार, जयशंकर, हंसराज, जय प्रकाश, शंकर राम, रामचंद्र आदि मौजूद थे।