जौनपुर। जिले के नौ विधान सभा क्षेत्रों में 100 साल से अधिक उम्र के 107 मतदाता हैं। सबसे अधिक केराकत में 66 मतदाता हैं। शाहगंज, जौनपुर और जफराबाद विधानसभा में 100 वर्ष से अधिक आयु के एक भी मतदाता नहीं हैं। इसका पता तब चला जब निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इसकी जांच की गई। जांच रिपोर्ट आने के बाद सहायक निर्वाचन कार्यालय मतदाताओं की सूची तैयार करने का कार्य कर रहा है। जिसे शीघ्र मतदाता आयोग को भेज दी जाएगी।
लोकसभा चुनाव अगले वर्ष होने की संभावना है। इसे लेकर निर्वाचन आयोग तैयारी शुरू कर चुका है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए विशेष अभियान के तहत बूथ लेबल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में निर्वाचन आयोग द्वारा 100 साल से अधिक आयु के मतदाताओं की भी सूची तैयार कर भेजने का निर्देश दिया है। इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा ऐसे मतदाताओं की सूची भी भेजी गई है जिसमें जिले के नौ विधानसभा में 362 मतदाता 100 साल से अधिक के हैं। तहसील स्तर से जांच कराने पर मतदाताओं की संख्या 107 मिली। बदलापुर विधानसभा में 18, मल्हनी में एक, मुंगराबादशाहपुर में सात, मछलीशहर में 11, मड़ियाहूं में चार तथा केराकत विधानसभा में 66 मतदाता पाए गए हैं। जिसकी सूची तैयार करने का कार्य सहायक निर्वाचन कार्यालय द्वारा किया जा रहा है। जिसे शीघ्र चुनाव आयोग को भेज दी जाएगी।
केराकत में 121 वर्ष से अधिक के हैं एक मतदाता
जौनपुर। सौ साल से अधिक के मतदाताओं के सत्यापन के दौरान केराकत तहसील में 121 वर्ष से अधिक उम्र का एक मतदाता पाया गया।
कोट:
जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में सौ साल से अधिक आयु के 107 वोटर हैं। जांच कर सूची तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। सूची शीघ्र ही चुनाव आयोग को भेज दी जाएगी। - रमाकांत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी