मछलीशहर। नगर क्षेत्र की सीमा पर सड़क का निर्माण कार्य चलने के कारण शुक्रवार को दिनभर जाम लगा रहा। सड़क का निर्माण कार्य दिन में कराए जाने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
नगर के सुजानगंज से प्रतापगढ़ सीमा पर स्थित कुन्दहां तक लगभग 25 किमी तक पक्की सड़क के मरम्मत का कार्य चल रहा है। सुजानगंज के कुन्दहा से होकर मछलीशहर में रायबरेली, जौनपुर हाईवे को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण शुरू हुआ। सुबह नौ बजे से जेसीबी से बीच में सड़क की खोदाई शुरू की गई। जिसके कारण मछलीशहर से सुजानगंज तक आवागमन बाधित हो गया है। दिन भर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। दुकानदारों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो पहिया से लेकर चार पहिया और भारी वाहनों को 800 मीटर तक नगर सीमा पार करने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पड़ाव पर भीड़ भाड़ वाले इलाके में दिन की जगह रात में सड़क की मरम्मत का कार्य करना चाहिए था। अभी कुछ माह पहले नगर पंचायत द्वारा दुर्घटना को देखते हुए सड़क के दोनों तरफ की पटरियों की इंटरलाकिंग कराई गई है। जिसको ठेकेदार द्वारा तोड़ा जा रहा है। इससे राष्ट्रीय संपत्ति को काफी क्षति हो रही है। सड़क पर दिन में निर्माण कार्य करने से जाम की समस्या से लोग जूझते रहे।