जौनपुर। स्नातक कक्षाओं में दाखिला को लेकर जंग शुरू हो गई है। स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिला के लिए बुधवार से टीडी कालेज में प्रवेश परीक्षाएं शुरू हो गई। प्रवेश परीक्षा के लिए पहले बीए और बीकाम की सीटों पर दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा कराई गई।
पहली पाली में बीकाम के लिए परीक्षा सुबह नौ से 11 बजे तक कराई गई। प्रवेश परीक्षा में 1200 अभ्यर्थी शामिल हुए। जबकि दूसरी पाली में बीए में दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा तीन से पांच तक कराई गई। परीक्षा में दो हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। प्राचार्य डा. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन प्रवेश परीक्षा दो पालियों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। छात्रों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कालेज के गेट पर ही तलाशी लेने के बाद छात्रों को कैंपस में दाखिल होने दिया गया। परीक्षा देख रहे डा. वीपी सिंह ने बताया कि छात्रों को किसी तरह की दिक्कत हो इसे देखते हुए जगह-जगह कर्मचारी लगाए गए थे। गेट के सामने ही छात्रों को रोलनंबर और उनका परीक्षा कक्ष संख्या अंकित कर दिया गया था। सहयोग के लिए कालेज के कर्मचारियों को लगाया था।