सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर स्थित काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक के पर परिषदीय विद्यालय सटवां के शिक्षकों ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। विद्यालय के शिक्षकों का वेतन भुगतान तथा सीसी खाते का संचालन इस बैंक से होता है। शिक्षक राजेश प्रचेता के साथ शिक्षक फूल चंद्र व धीरेंद्र बैंक में सीसी खाते की लिमिट बढ़वाने गए थे। आरोप है कि एक हफ्ता दौड़ाने के बाद भी शाखा प्रबंधक ने सीसी लिमिट बढ़ाने से इंकार कर दिया। इसका विरोध करने पर शाखा प्रबंधक ने उनसे दुर्व्यवहार किया। बैंक से बाहर नहीं जाने पर पुलिस बुलाने की धमकी दी। यह भी आरोप है कि प्रबंधक ने उनसे रिश्वत मांगी थी. शिक्षकों ने रीजनल कार्यालय भदोही तथा प्रधान कार्यालय वाराणसी में इसकी शिकायत की है। शाखा प्रबंधक सीएन श्रीवास्तव का कहना है कि शिक्षकों ने औपचारिकता पूरी नहीं की, जिसके चलते उनका काम नहीं हो पाया।