जौनपुर। किसानों की आय दो गुनी करने और समृद्घ बनाने के लिए अन्नदाताओं को द मिलियन फार्मर्स स्कूल में खेती का गुण सिखाया जाएगा। जिले के सभी ब्लाकों के 436 गांवों के प्राथमिक विद्यालयों में द मिलियन फार्मर्स स्कूल का आयोजन किया जाएगा। जिसमें इन गावों के सभी किसानों को अच्छी खेती करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग द्वारा तैयारी भी पूरी कर ली है।उसके द्वारा गांवों का चयन करने के साथ ही प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों की भी तैनाती कर दी गई है।
अन्नदाताओं को आर्थिक रुप से मजबूत बनाने और अच्छी पैदावार करने के मद्देनजर सरकार द् वारा द मिलियन फार्मर्स स्कूल का संचालन करने का निर्देश दिया है। जिसमें किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक ढ़ंग से खेती करने का गुण सिखाया जाएगा। जिसे सीख कर किसान अपना विकास कर सकेंगे। इसके तहत जिले में भी द मिलियन फार्मर्स स्कूल के आयोजन की तैयारी कृषि विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। जिले में इस स्कूल का आयोजन दो चरणों में होगा। पहले चरण 21 जून से लेकर 23 जून और दूसरा चरण 25 जून से लेकर 27 जून तक चलेगा। इन तिथियों में जिले के 436 गांवों में उक्त स्कूल का आयोजन किया जाएगा।जिसमें डोभी ब्लाक के 18,धर्मापुर ब्लाक के 12, करंजाकला ब्लाक के 22, महराजगंज ब्लाक के 20, बदलापुर ब्लाक के 24, मड़ियाहूं ब्लाक के 24, मुंगराबादशाहपुर ब्लाक के 20, सुजानगंज ब्लाक के 22, मछली शहर ब्लाक के 20,खुटहन ब्लाक के 24,रामपुर ब्लाक के 20,सुईथाकला ब्लाक के 24,बक्शा ब्लाक के 22,सिरकोनी ब्लाक के 18,सिकरारा ब्लाक के 18, जलालपुर ब्लाक के 16,मुफ्तीगंज ब्लाक के 14, शाहगंज ब्लाक के 32, बरसठी ब्लाक के 24 व रामनगर ब्लाक के 24 गाव हैं। इसी गांवों के सभी किसानों को प्रशिक्षित करने का कार्य किया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए 218 प्रशिक्षक तैनात
जौनपुर। द मिलियन फार्मर्स स्कूल में किसानों को प्रशिक्षित करने के लिए कृषि विभाग में तैनात कर्मचारियों को प्रशिक्षक के रुप में चयनित किया गया है। इस दौरान कुल 218 प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है। वहीं ब्लाकवार कुल 21 नोडल अधिकारी भी बनाए गए है।
कोट:
द मिलियन फार्मर्स स्कूल में किसानों को प्रशिक्षित करने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए गांव का चयन करने के साथ ही प्रशिक्षक व ब्लाकवार नोडल अधिकारी की तैनाती कर दी गई है।
जय प्रकाश
उप कृषि निदेशक