मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के बंधवा बाजार के पास ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक मासूम सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पंवारा थाना क्षेत्र के बामी गांव निवासी मितेश (27) पुत्र राजनाथ पाल गुरूवार को अपनी बुआ केवला देवी को ले जाने के लिए मछलीशहर नगर के छैलामिया का पूरा मोहल्ले में आया था। घर से मायके जाते समय केवला देवी अपने पोते आयुष को भी साथ लेकर भतीजे के साथ चल दी। जब बाइक सवार बंधवा बाजार के पास पहुंचे। तभी ट्रैक्टर की ट्राली से बाइक सवार को धक्का लगा। अनियंत्रित ट्राली पलट गई। घटना में बाइक सवार मितेश कुमार की मौके पर मौत हो गई। बुआ केवला देवी (50) एवं आयुष (3) को हल्की चोट लगी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की चचेरी बहन की 18 जून को शादी है। शादी में हिस्सा लेने के लिए युवक बुआ को लेकर अपने घर बामी जा रहा था।