जौनपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर सरकारी धन का दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा है। डीएम को दिए गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा है कि सरकार द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं की जानकारी चौपाल के माध्यम से जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जनता को दी जानी है। लेकिन यहां जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं को बुलाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा रही है। इतना ही नहीं चौपाल पर सरकारी धन को खर्च किया जा रहा है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को चौपाल की जानकारी नहीं दी जा रही है। चौपाल के माध्यम से कार्यकर्ता भाजपा का प्रचार कर रहे हैं। कार्यक्रम को शासन की मंशा के अनुरूप में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ही कराया जाए। इसकी जांच कराकर खर्च किए गए सरकारी धन की रिकवरी कराई जाए। ज्ञापन देने वालों में महासचिव श्याम बहादुर पाल, राजेश कुमार यादव, जय प्रकाश, निजामुद्दीन अंसारी, मेवा लाल यादव, राजेश यादव, नंद लाल यादव, विनोद यादव, धर्मेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।