खेतासराय। राज्यमंत्री अनिल राजभर ने कहा कि शिक्षा के बिना किसी भी समाज का विकास संभव नहीं है। हमारे समाज में शिक्षा का अभाव है। शिक्षा के बल पर हम समाज के अग्रिम पंक्ति में खड़े हो सकते हैं। शुक्रवार को पाराकमाल गांव में आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि भाजपा में हमारे समाज को जितना सम्मान है उतना किसी अन्य पार्टियों में नहीं है। बीजेपी ही एक ऐसी पार्टी है जिसने पिछड़ों को सम्मान दिया। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उसका लाभ उठाने की अपील किया। युवाओं के उत्साह को देखते हुए कहा कि आज के युवा कल के भविष्य तथा देश के जिम्मेदार नागरिक होंगे। इससे पहले राज्यमंत्री अनिल राजभर के पाराकमाल गांव में प्रथम आगमन पर उनका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। कहा कि हमारे व सरकार प्रति जो स्नेह दिखाया है वह हमेशा स्मरणीय रहेगा। अध्यक्षता मण्डल उपाध्यक्ष बलिहारी राजभर तथा संचालन जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय ने किया। अंत में युवाओं ने राज्यमंत्री को गदा भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर लालचन्द राजभर, डा.सुनील राजभर, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के ब्लाक अध्यक्ष मो. असलम, संजय भारद्वाज, सीताराम यादव, रामजस प्रजापति,राहुल राजभर आदि उपस्थित रहे।