जौनपुर। केराकत, मुंगराबादशाहपुर और रामपुर में हुए सड़क हादसे में बालिका समेत तीन की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। केराकत के बंबावन गेट पर ग्रामीणों ने जलालपुर मार्ग पर जाम लगाया दिया। इससे एक घंटे तक आवामगन बाधित रहा।
केराकत कोतवाली के बंबावन गेट के सामने गुरुवार को 11 वर्षीया बालिका ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया और बीच सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारी मुकदमा लिखने और ट्रक चालक की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। उपजिलाधिकारी मंगलेश दुबे और क्षेत्राधिकारी दिग्विजय सिंह के आश्वासन एवं प्रयास से डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला। रिमझिम दुबे (11) पुत्री ललित दुबे थाना जलालपुर के ग्राम चंवरी की मूल निवासिनी थी। पांच दिन पूर्व वह अपनी माता नीतू दुबे और बड़ी बहन के साथ केराकत कोतवाली के देवनाथपुर में अपने नाना ताड़कनाथ मिश्र के घर आई थी। गुरुवार की सुबह नीतू अपने भाई और भाभी को बस पर बैठाने के लिए दोनों बेटियों संग सड़क पर आई। बस में बैठने के बाद रिमझिम मामा गिरीश मिश्र का पैर छूने दौड़ पड़ी। पलक झपकते ही वह थानागद्दी की तरफ से आ रहे गिट्टी लदी ट्रक के नीचे आ गई। खुशियां गम में बदल गई। मां नीतू की आंखों के सामने रिमझिम के जीवन का अंत हो गया। नीतू की चीत्कार और बड़ी बहन की चीख से वातावरण गमगीन हो गया। केराकत, चंदवक और जलालपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मुंगराबादशाहपुर के पंवारा थाना क्षेत्र के उचौरा बाजार के पास कार और बाईक की आमने सामने टक्कर में बाईक सवार की घटना स्थल पर मौत हो गई जबकि कार में सवार चार लोग बुरी तरह घायल हो गए जिन्हे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार सवार जौनपुर से रायबरेली जा रहे थे। जबकि बाईक सवार पाल्हामऊ खुर्द थाना सरायख्वाजा निवासी अशोक कुमार गौतम (45) पुत्र राम शरण गौतम जौनपुर की तरफ जा रहे थे। उचौरा बाजार के पास आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाईक के परखचे उड़ गए और बाईक सवार की घटना स्थल पर मौत हो गई। उधर रायबरेली जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरानगर निवासी कार में सवार प्रभावती सिंह (60), कमलेश सिंह (44), सर्वेश सिंह (40), पूजा सिंह (30), सहज (7 माह) बुरी तरह से घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र सतहरिया में भर्ती कराया गया। जहां चारों की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों नरे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रामपुर क्षेत्र के यादवनगर में दो ट्रकों की आपसी टक्कर में खलासी रवि मौर्य निवासी पड़री मिर्जापुर घायल हो गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।