सुइथाकला। संसद केपी सिंह ने सुइथाकला विकास खंड के बूढ़ूपुर गंव को गोद लिया था। उसके बाद से गांव की तस्वीर बदली है। एक साल के अंदर गांव के विभिन्न मजरों में 52 हैंडपंप, 15 सोलर लाइटें लगवाई गई हैं। 400 मीटर सीसी रोड, 14 चकमार्गों पर खड़ंजा, 25 मीटर और 56 मीटर लंबी नाली का निर्माण कराया गया है। गांव में काम तो हुए हैं लेकिन ग्रामीण इसे नाकाफी मानते हैं।
वर्ष 2015 में विद्युतीकरण शुरू हुआ। तीन सौ पोल लगाकर तार और ट्रांसफार्मर टांग दिए गए हैं लेकिन कनेक्शन अभी नहीं दिया गया है। दस घरों की एक बस्ती में अभी भी बिजली पहुंचना बाकी है। पेयजल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बोरिंग का काम शुरू हो गया है। आदर्श गांव के चयन वर्ष 2014 में हुआ था। करीब दस हजार की आबादी वाला इस गांव में गांव पिछड़े और दलित जाति के लोग ही रहते हैं। वर्ष 2015 में 38 लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला था, जबकि इस साल 58 लोगों को आवास दिए गए हैं। इसमें 12 आवास निर्माणाधीन हैं और बाकी बनकर तैयार हो गए हैं। अभी गांव में मिनी-बैंक, एटीएम सेंटर, आंगनबाड़ी-केंद्र, उप डाकघर, सामुदायिक भवन या फिर खेल के मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। गांव को मुख्य मार्ग से जोडने वाली दो किलोमीटर लंबी सड़क का एक किलोमीटर तक मरम्मत कराई गई है लेकिन एक किलोमीटर दूरी तक सड़क दुर्दशा का शिकार है। गांव निवासी सुरेंद्र प्रसाद, विक्रम बिंद कहते हैं कि आदर्श गांव के रूप में चयनित हुए चार साल हो गए फिर भी गांव तक जाने वाली सड़क की दशा दयनीय है।
अस्पताल नहीं बना, शराब की दुकान खुल गई
जौनपुर। नौ साल पूर्व बसपा के शासनकाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनाने का काम शुरू किया गया था। आज तक भवन पूरा नहीं हुआ। हां गांव में शराब दुकान भी खुल गई है। इसका गांव की महिलाओं ने विरोध किया था। विरोध में महिलाओं ने प्रदर्शन कर बोर्ड भी उखाड़ दिए थे लेकिन दुकान नहीं हटाई गई।
स्कूल में बाउंड्रीवाल व रैंप का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा बिजली, पानी, सड़क की सुविधाएं गांव में पहुंचने लगी है। ओवर हेडटैंक निर्माण के लिए बोरिंग का काम शुरू कर दिया गया है। इस साल 58 गरीबों को पीएम आवास का लाभ दिया गया है।
केवला देवी
ग्राम प्रधान बूढ़ूपुर
वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सपा की सरकार थी तो आदर्श गांव में विकास कार्य के लिए भेदभाव किया जा रहा था। एक साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार है। अब विकास की गति तेजी पकड़ रही है। शीघ्र ही आदर्श गांव बूढ़ूपुर में विकास की सभी बुनियादी सुविधाएं पहुंचा दी जाएंगी।-केपी सिंह, सांसद