बदलापुर/ घनश्यामपुर। चार जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होने वाली समीक्षा कॉन्फ्रेंसिंग के मद्देनजर विकास खंड बदलापुर सभागार बीडीओ रमाशंकर सिंह ने गुरुवार को पंचायत सचिवों के विकास कार्यो की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की अब तक सूची न उपलब्ध कराए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। तीन दिवस के भीतर किसी भी दशा में दैवीय आपदा से पीड़ित कालाजार रोग, जापानी इंसेफ्लाइटिस से पीड़ित एवं मुसहर जाति के पात्र लोगों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। बीडीओ ने शौचालय निर्माण की गति धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त किया। प्रतिदिन 185 शौचालय निर्माण के सापेक्ष 100 का भी निर्माण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण में 80 लाभार्थियों का अब तक निर्माण न कराए जाने को लेकर बीडीओ ने पंचायत सचिवों को फटकार लगाई। मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में जीओ टैगिंग एवं आधार सीडिंग को भी पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया। क्षेत्र में खराब पड़ी हैंड पम्पों को शीघ्र रीबोर कराए जाने का निर्देश दिया। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी रामअवध, राजबहादुर, अच्छेलाल, दुर्गेश तिवारी, अनूप सिंह, रणजीत सिंह, श्रीपति मौर्य, राजकुमार, अरुण सिंह, बृजेश आदि मौजूद रहे।