ग्रामीणों ने रोका सड़क मरम्मत का काम
मानक विहीन कार्य का आरोप, प्रदर्शन की दी चेतावनी
तालामझवारा संपर्क मार्ग पर सड़कों पर बने गड्ढे को भरने का हो रहा कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
जलालपुर।
तालामझवारा संपर्क मार्ग पर सड़कों पर बने गड्ढे को भरने का कार्य मानक के अनुरूप नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को काम रोक दिया। उन्होंने मानक के अनुसार पैचिंग का कार्य करने की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
तालामझवारा संपर्क मार्ग पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़कों पर बने गड्ढे को भरने का कार्य किया जा रहा है। लेकिन विभाग गड्ढ़ा भरने का कार्य गुणवत्ता के साथ नहीं किया जा रहा है। सिर्फ गिट्टी के सहारे गड्ढे भरने का कार्य कर रहा है। जिससे दो दिन बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जा रही है। जलालपुर तालामझवारा सुगर्दीपुर मार्ग पर एक दिन पहले गड्ढों की पैचिंग की गई है, लेकिन एक दिन बाद ही गिट्टीयां उखड़ कर सड़क पर फैलने लगी हैं। इससे दुपहिया वाहन फिसल कर चुटहिल हो रहे हैं। कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों की मानें तो गड्ढों की पैचिंग में तारकोल सिर्फ नाममात्र का प्रयोग किया जा रहा है। गड्ढों पर मिट्टी में ही मामूली रूप से तारकोल डाल कर ऊपर से गिट्टी बिछा दी गई। इससे पहले गड्ढों की अच्छी तरह सफाई भी नहीं की जा रही है। इसी कारण जहां पर भी पैच लगाया जा रहा है। दूसरे दिन गिट्टीयां उखड़ने लग रही हैं। ग्राम प्रधान आरती, हरिशंकर चौबे अवधेश पांडेय, सुधाकर पांडेय व शीतला चौबे ने बताया कि मानक के अनुरुप पैचिंग नहीं होने से सड़क की स्थिति पहले से भी ज्यादा खराब हो जा रही है। पहले तो गड्ढों में से बाइक को धीमी गति से निकाला जा सकता है। लेकिन अब सड़क पर बिखरी गिट्टीयों से बाइक सवार गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। जबकि पैचिंग का कार्य लगभग पूर्ण होने वाला है। लेकिन सड़क पर गड्ढ़े जस के तस बने हैं। उन्होंने मानक के अनुसार पैचिंग का कार्य करने की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
00000
एक किलोमोटर सड़क पर पैचिंग करने के नाम पर 42 हजार रुपये मिला है। तालामझवारा रोड पर दो किलोमीटर तक करवाना है। इसके लिए 84 हजार रुपये पास है। उसी हिसाब से काम हो रहा है
मिथिलेश कुमार
जेई, पीडब्ल्यूडी