जौनपुर। जिले में थानाध्यक्षों की तैनाती और स्थानांतरण के संबंध में नया शासनादेश जारी होने के दो दिन बाद ही एसपी ने जिले के बदलापुर, रामपुर, जफराबाद, सरपतहां के एसओ बदल दिया। यह भी उस समय जब डीएम अवकाश पर चल रहे हैं।
9 मई 2018 को शासनादेश जारी किया गया था। जिसमें थाना प्रभारियों के तैनाती में डीएम की अनुमति लेने का आदेश हुआ था। कहा गया था कि बिना डीएम के सहमति के कोई भी थानाध्यक्ष नहीं बदले जाएंगे। 24 मई को प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने शासनादेश जारी किया। जिसमें उन्होंने कहा कि थानाध्यक्षों के स्थानांतरण में जिला मजिस्ट्रेट से परामर्श कर औपचारिक निर्देश निर्गत किए जा सकते हैं। उन्होंने 9 मई के आदेश को संशोधित किया जाना बताया। इसके दो दिन बाद ही एसपी केके चौधरी ने थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया। जिसके तहत पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर रमेश यादव को मछलीशहर का नया इंस्पेक्टर बनाया गया है। रामपुर के एसओ पंकज पांडेय को हटाकर क्राइम ब्रांच भेजा गया। वहीं सरपतहां के एसओ अजय सिंह को रामपुर का नया एसओ बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात हरिनाथ भारती को सरपतहां का इंस्पेक्टर बनाया गया है। बदलापुर के इंस्पेक्टर धाकेश्वर सिंह को क्राइम ब्रांच भेजा गया है। पुलिस लाइन में तैनात सुनील दत्त को फिर बदलापुर की कमान दी गई है। जफराबाद के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय को एएचटीयू का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस लाइन में तैनात देवतानंद सिंह को इंस्पेक्टर जफराबाद बनाया गया है। इंस्पेक्टरों की तैनाती को लेकर तरह-तरह की जिले में चर्चाएं हैं। इसके अलावा 14 सब इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया गया है। जिसमें कई दारोगाओं को नई चौकी मिली है।