जौनपुर। गुरुवार की रात तकरीबन 11 बजे आई आंधी सैकड़ों स्थानों पर टीन शेड और छप्पर उड़ गए। कई जगहों पर सड़क पर पेड़ गिर गए। पोल और तार गिरने से 150 गांवों की बिजली गुल हो गई। शुक्रवार की शाम तक ज्यादातर गांवों की आपूर्ति बहाल कर दी गई लेकिन 36 गांव अंधेर में हैं। सिकरारा के शेरवां में पेड़ गिरने से सिकरारा-बरईपार और लमहन में पेड़ गिरने से शाहगंज-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग चंदवक में पेड़ गिरने से टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया।
गुरुवार को दिन में भीषण गर्मी थी। मगर रात को अचानक हवाओं का रुख बदलने लगा था। रात 11 बजे के करीब तेज आंधी चलने लगी और बारिश भी हुई। सिकरारा क्षेत्र में आंधी बाद चमक-गरज के साथ पांच मिनट हल्की बारिश हुई। सिकरारा- बरईपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। बिजली की आपूर्ति बंद हो गई। जलालपुर क्षेत्र में आई तेज आंधी ने कई स्थानों पर भारी तबाही मचाई। आंधी के चलते दर्जनों छप्पर व टीनशेड उड़ गए। जलालपुर कस्बे में गुलाब अग्रहरि, रमेश राजभर , ज्ञानू, जगदीश अग्रहरि, कैलाश अग्रहरि, छोटे लाल यादव समेत कई लोगों का दुकान के सामने के टिन शेड व छप्पर उड़ गए। बहरिया ,दूबेपुर ,त्रिलोचन, मकरा, भवनाथपुर, डीगुरपुर, शंकरपुर ,रामपुर सोयरी में बिजली खंभे टूट गए। इन गांवों के अलावा छतारी, छितौना, धराव, घोसाव, नाहर पट्टी, असबरनपुर, चितइपुर, खालिसपुर की भी विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। पेयजल की आपूर्ति भी नहीं हो पाई।
सुजानगंज क्षेत्र के नगौली, तिवारीपुर, बराई सहित कई गांवों में विद्युत पोल टूटने एवं तार गिर जाने के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शांतिनगर, रयां, फरीदाबाद, देवापुर सहित कई गाँवों में पेड़ भी गिर गए।। गौरीशंकर धाम सुजानगंज में धर्मशाला का टीन शेड भी उड़ गया।
डोभी के बजरंग नगर बीरी बारी, खुज्झी, मोढेला आदि गावों छप्पर उड़ गए। खलियां में रामजीत राम (खलासी) के घर 16 जून को लड़की की शादी होनी है। रिहायशी मड़हे में रखा विवाह का सामान नीम का पेड़ गिरने से नष्ट हो गया। उसमें सो रहा उनका लड़का राजेश व पत्नी बादामी देवी घायल हो गए। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर रामदेव पुर गांव के पास टैंकर पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग बाधित हो गया। खलियां मार्ग पर ट्रांसफार्मर सहित खंभा टूट कर गिर गया। महराजगंज क्षेत्र के लमहन के पास शाहगंज-इलाहाबाद मार्ग पर बबुल का पेड़ गिर गया। तीन घंटे बाद पेड़ काटकर हटाया गया तब आवागमन बहाल हुआ। बदलापुर उपकेंद्र के नौपेड़वा तथा सिंगरामऊ फीडरों से जुड़े गांवों विद्युत आपूर्ति सोलह घंटे तक ठप रही ।
मीरगंज क्षेत्र के दो घंटे तक आंधी तूफान से किसी अनहोनी की आशंका से अन्नदाता किसान भी सहमे रहे। जरौना जंघई मार्ग पर स्थित सगरा त्रिमुहानी पर बिजली का खंभा एवं आम के वृक्ष का पेड़, गिर जाने से यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। उमाकांत दूबे के चक मार्ग पर नीम का पुराना विशालकाय वृक्ष अन्य जगह पर कुछ पेड़ की डाली गिरने से कुछ पल के लिए आवागमन बंद हो गया। मछलीशहर के खजुरहट, जुड़ऊपुर, पहाड़पुर, बटनहित पेड़ गिर गए। मधुपुर फीडर पर विद्युत पोल टूटने से क्षेत्र के 50 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। छप्पर उड़ गए मवेशियों को भी चोटें आई। उपजिलाधिकारी जगदंबा प्रसाद सिंह ने राजस्व कर्मियों से क्षति का आकलन कर तत्काल तहसील में रिपोर्ट प्रेषित करें।