जौनपुर। खुटहन ब्लाक के मिल्की पट्टी गांव में 10 वर्ष पूर्व लगे ट्रांसफार्मर को जलने के बाद विभाग में बदलने के लिए गया था। लेकिन इसके बाद उक्त ट्रासंफार्मर को बदलकर अभी तक नहीं लगाया गया है। इससे ग्रामीण आज भी बिजली का उपयोग करने से वंचित हैं। ग्रामीणों द्वारा कई बार विभाग के अधिकारियों सहित डीएम को प्रार्थना पत्र भी दिया जा चुका है। बावजूद इसके अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सका है।
मिल्की पट्टी गांव में बिजली आपूर्ति करने के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया था। लगभग 10 वर्ष पूर्व यह ट्रांसफार्मर जल गया। इस ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए तत्कालीन जेई बंशरोपन द्वारा उतार कर विभाग में लाया गया। साथ ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया गया। लेकिन आज तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। इसको लेकर ग्रामीणों द्वारा लगातार प्रार्थना पत्र दिया जा रहा है। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इन ग्रामीणों द्वारा 24 मई को फिर एक्सईएन व अधीक्षण अभियंता सहित डीएम को प्रार्थना पत्र दिया गया है। जिसमें ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की गई है। इस संबंध में जितेंद्र प्रसाद पांडेय, तीर्थराज चौधरी, बलजीत यादव, संदीप यादव, रामप्रताप, विनोद, सभाजीत यादव आदि ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद फिर ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। जिससे हम लोग बिजली का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हम लोग विभागीय अधिकारियों सहित डीएम को कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मामले की जानकारी नहीं है। जांच करवाएंगे। इसके बाद उचित कार्यवाई की जाएगी।
एके मिश्रा
अधीक्षण अभियंता विद्युत