मछलीशहर। स्थानीय तहसील कार्यालय की ब्राडबैंड सेवा पांच दिनों से बाधित होने से ऑनलाइन खतौनी जारी करने समेत अन्य कार्य बाधित हो गया है। जिससे खतौनी की नकल नहीं मिल पाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उक्त सेवा बंद होने से राजस्व विभाग के प्रति किसानों के साथ ही वकीलों ने आक्रोश जताया।
मछलीशहर तहसील परिसर में स्थित खतौनी कार्यालय की ब्राडबैंड सेवा पिछले पांच दिनों से गड़बड़ चल रही है। जिससे प्राय: सर्वर डाउन हो जा रहा है। जिससे दूर दराज से तहसील पहुंचे जरुरत मंदो को कंप्यूटराइज खतौनी सहित अन्य आनलाईन सेवाओं से सम्बंधित कार्य नहीं हो पा रहे हैं। समय से खतौनी नहीं मिलने से भूमि का क्रय विक्रय कार्य व नामांतरण आदि सेवाएं भी प्रभावित हो रही है। जिसकी वजह से किसानों के साथ ही तहसील के अधिवक्ताओं को भी काफी दिक्कत हो रही है।मंगलवार को सर्वर डाउन होने के कारण दिनभर सेवा बाधित रही। इस संबंध में तहसीलदार लालता प्रसाद ने बताया की पांच दिनों से ब्राडबैंड सेवा गड़बड़ होने से खतौनी मिलने में दिक्कत हो रही है । ब्राडबैंड की खराबी दूर करने के लिए दूरसंचार विभाग को सूचना दे दी गई है।