सुईथाकला। ग्रामीणों ने अपने बूते पर गांव में नाली, खड़ंजा, स्ट्रीट लाइट लगाकर मिसाल कायम की है। सगरवा एकता समिति पट्टी नरेंद्रपुर के द्वितीय ग्राम पंचायत के सोमवार को हुए वार्षिकोत्सव समारोह में सांसद डा. केपी सिंह भी गांव वालों के इस काम की सराहना किए बगैर नहीं रह सके।
उन्होंने कहा कि युवा ही गांव की तस्वीर बदल सकते हैं। पट्टी नरेंद्रपुर गांव इसकी मिसाल है। सगरवा एकता समिति आदर्श गांव बनाने की परिकल्पना को एक साल में साकार कर दिखाया है। गांव में करीब 15 स्ट्रीट लाइट, नाली, खड़ंजा की मरम्मत जैसे काम हो चुके हैं। इसके अलावा गरीबों की शादी के लिए संस्था सहयोग करती है, जिसकी प्रशंसा की जानी चाहिए। अन्य ग्राम पंचायतों में भी यहां का काम देखकर ललक पैदा होगी। यदि युवा चाहे तो बिना किसी सरकारी मदद के गांव की सूरत बदल सकते हैं। भाजपा नेता विपिन तिवारी, अजीत प्रजापति ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता अशोक तिवारी, संचालन पंकज पांडेय ने किया। संयोजक संदीप तिवारी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मोनू पांडेय, पवन दुबे, राणा सिंह, संकटा तिवारी, श्याम नारायण तिवारी, अविनाश, रामचंद्र सिंह, राजेंद्र प्रताप बिंद, वीरेंद्र कुमार सिंह, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह एवं समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे।