जौनपुर। टीडी कालेज में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को वंदे मातरम गायक योग गुरू रामदेव ने समापन किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर के लोगों का अपार प्यार और स्नेह उन्हें मिला है। आगे भी वह जौनपुर आने का प्रयास करेंगे।
योग के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा योग शिविर टीडी कालेज के मैदान में 19 से 21 मई तक चला। शहर के लोग सुबह 3 बजे से ही कालेज मैदान पर पहुंच जा रहे थे। योगाभ्यास करने वाले साधकों की चहल कदमी एवं उत्सुकता तीसरे दिन काफी बढ़ गई थी। योग शिविर में योग गुरू बाबा रामदेव ने स्वस्थ और समृद्धि के लिए लोगों का आह्वान किया और कहा कि नशा से मुक्ति बहुत ही आवश्यक है। इसलिए पूरे जनपद के लोगों को दोहरा जैसी नशे की लत से दूर रहें। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान शाहगंज और पूर्वांचल विश्वविद्यालय के छात्रों को भी उन्होंने योग के गुर सिखाए। महिलाओं और बच्चों के लिए अलग से शिविर आयोजित कर उन्हें योग के रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने जीवन में योग के महत्व को बताते हुए कहा कि आपके पैर में कितना महंगा जूता है इस बात की अहमियत नहीं है। अहमियत इस बात की है कि आपका पैर कितना मजबूत है।
जौनपुर। बाबा रामदेव ने कहा कि दोहरा क्यों खाते हो तो लोगों ने जवाब दिया कि इस पर प्रतिबंध लग गया है। इसके जवाब में योग गुरू ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी से कहेंगे कि जौनपुर में प्र.ितबंध के बाद कैसे दोहरा बिक रहा है। वैसे इस दौरान कई दोहरा खाने वाले लोग बाबा के इर्द गिर्द ही मौजूद थे। उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
जौनपुर। योग शिविर के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसपी सिटी अनिल पांडेय ने योग गुरू बाबा रामदेव का मंच पर जाकर पैर छूआ और आशीर्वाद लिया। वह अपने साथ फूलों की माला और काशी विश्वनाथ का प्रसाद भी बाबा को भेंट किया। संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के कुलपति भी इस दौरान मौजूद रहे।
जौनपुर। वाराणसी निवासी और जिले के समाजसेवी जितेंद्र यादव ने बाबा रामदेव के सारथी के रूप में भूमिका अदा की। तीन दिनों तक बाबा जहां भी गए उनकी गाड़ी जीतेंद्र यादव ने ही चलाया। सोमवार को वह अपने गाड़ी से लेकर एयरपोर्ट गए जहां से बाबा हरिद्वार के लिए स्पेशल प्लेन से रवाना हुए। बतौर जीतेंद्र यादव यह उनके जीवन की खास उपलब्धि है। बाबा से उन्हें सीख मिली। जिसका जीवन पर्यंत निर्वहन वह करेंगे। बाबा ने उन्हें हरिद्वार आने का आमंत्रण भी दिया है।