मड़ियाहूं(जौनपुर)। रविवार की रात आई आंधी से नगर और ग्रामीण इलाकों की आपूर्ति बाधित हो गई थी। तीन दिन बाद भी ज्यादातर हिस्सों में आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। इससे नाराज नागरिकों ने बुधवार तहसील पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अवर अभियंता पर अभद्रता का भी आरोप लगाया कि। बाद में बिजली विभाग के लोग और कर्मचारी सीओ कार्यालय में पहुंचकर एक दूसरे के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग पर डटे रहे।
सभासद अताउल्लाह खान के नेतृत्व में नगरवासी अवर अभियंता से विद्युत आपूर्ति के बारे में पूछताछ करने पहुंचे थे। उनका कहना है कि अवर अभियंता ने उनको भड़काने का आरोप लगाया। अवर अभियंता व्यवहार से नाराज होकर नगर के लोग तहसील पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। मौके पर मौजूद सीओ राम भवन यादव ने समस्या सुनी और बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी को बुलाया। उन्होेंने पड़ताल की तो पता चला कि अवर अभियंताओं ने मुकदमे के लिए तहरीर दी है। इस पर नागरिक भी मुकदमे की मांग करने लगे।
दरअसल अवर अभियंता नगर अभिषेक केसरवानी व जेई ग्रामीण राजकुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह मंगलवार को अपनी टीम के साथ जोगापुर नहर के पास काम कर रहे थे। तभी कुछ लोग वहां पहुंचे गालीगलौज करते हुए उनको बंधक बनाने का प्रयास किए। बुधवार को सुबह उक्त लोगों द्वारा कार्य स्थल पर पहुंचकर अभद्रता की और काम बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की। उन्होेंने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उधर शहजादे, इकबाल, इस्तियाक ,गुड्डू, जाहिद आदि लोगों ने भी बिजली विभाग के विरुद्घ मुकदमा रदर्ज करने की मांग कर रहे थे। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि यदि बिजली विभाग का मुकदमा लिखा जाएगा तो आप लोगों का भी लिखा जाएगा।