शाहगंज। सेंट थामस इंटर कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय स्काउट गाइड शिविर के तीसरे दिन कोरवलिया गांव के सीता शंकर उपवन श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में सफाई और भजन किर्तन किया गया। छात्र-छात्राओं ने मस्जिद व चर्च में सफाई व प्रार्थना सभा की।
स्काउट गाइड टीचर साइमन पीटर, विशाल सिंह, प्रशांत पांडेय के नेतृत्व में विद्यार्थी श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां पर मंदिर परिसर की सफाई की। इसके उपरांत मंदिर में छात्र- छात्राओं ने भजन कीर्तन करके हनुमान जी की स्तुति की। मंदिर के संस्थापक बृजेश सिंह ने विद्यालय के अध्यापकों व विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में भाईचारा और प्रेम बढ़ता है। ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इसके बाद स्काउट-गाइड गांव में ही मस्जिद में गए। वहां पर भी साफ-सफाई किया गया। सामाजिक भाईचारा और सद्भभाव का संदेश दिया गया। अंत में सभी विद्यालय में स्थित चर्च में पहुंचे। यहां पर भी साफ - सफाई का कार्यक्रम चला। चर्च में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एंटोनी रोड्रिग्स ने कहा कि शांति और सद्भभाव बनाए रखने के लिए सामाजिक सजगता और जागरूकता की जरूरत है। बच्चों का इस दिशा में प्रयास सराहनीय है।