जौनपुर। इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए जंग शुरू हो गई है। जिले में 14 सहायता प्राप्त, एक राजकीय और 154 निजी महाविद्यालय हैं। इनमें स्नातक स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या 65 हजार के करीब है। मगर सबसे ज्यादा मारामारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में प्रवेश पाने की है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के इंटरमीडिएट के नतीजे घोषित हो चुके हैं। यूपी बोर्ड में कुल 93879 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें 57 हजार सफल रहे हैं। अभी सीबीएसई और आईएससी बोर्ड के नतीजे आने बाकी हैं। सीबीएसई के 56 और आईसीएसई बोर्ड के एक मात्र कॉलेज में छात्रों की संख्या 10 हजार के करीब है। जिले में 14 सहायता प्राप्त कॉलेजों में विभिन्न विषयों के 13476 सीटें हैं। इसके अलावा 154 निजी महाविद्यालयों में 55 हजार के करीब सीटें हैं। सहायता प्राप्त स्थापित कॉलेजों में हर साल प्रवेश के लिए मारामारी होती है लेकिन स्व वित्तपोषित कॉलेजों में से पिछले साल पांच कॉलेजों में छात्रों की कमी के चलते पाठ्यक्रम ही नहीं संचालित हो पाया था।
जिले के राजकीय सहायता कॉलेजों में टीडी कालेज, राजा कालेज, राजा हरपाल पीजी कालेज, मडियाहूं पीजी कालेज, कुटीर पीजी कालेज चक्के, नागरिक पीजी कालेज, सहकारी पीजी कालेज मिहरावां, राष्ट्रीय पीजी कालेज जमुहाई, जीबी पंत पीजी कालेज प्रतापगंज, बयालसी डिग्री कालेज जलालपुर, राम अवध गन्ना कृषक कालेज शाहगंज, गांधी स्मारक पीजी कालेज समोधपुर, राजकीय कालेज मुफ्तीगंज, गणेश राय पीजी कालेज, सल्तन बहादुर पीजी कालेज है। 14 वित्तपोषित कालेजों के साथ एक राजकीय और शेष स्व वित्तपोषित महाविद्यालय हैं। वित्तपोषित कालेजों में दाखिला पाने के लिए अभी छात्र ही नहीं अभिभावक भी पूरा जोर लगा रहे हैं। कुछ कालेजों में प्रवेश परीक्षा परीक्षा के लिए फार्म का वितरण शुरू हो गया है तो कुछ कालेज फार्म के वितरण की तैयारी कर रहे हैं। विश्वविद्यालय का निर्देश है कि कालेज जून में प्रवेश परीक्षा करा लें। 15 जुलाई के पहले दाखिला प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि 16 जुलाई से नए सत्र की पढ़ाई का शुरू कर दिया।
नए सत्र में दाखिला के लिए प्रवेश फार्म का वितरण किया जा रहा है। 20 से 30 जून के बीच प्रवेश परीक्षा करा ली जाएगी। समय से दाखिला प्रक्रिया पूरा करके बाद पठन-पाठन का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। मानक के तहत निर्धारित सीटों पर दाखिला लिया जाएगा।-डा. विनोद कुमार सिंह, प्राचार्य टीडी कालेज
विश्वविद्यालय की परीक्षाएं चल रही है। परीक्षा खत्म होने के बाद प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू हो जाएगी। बीए, बीएससी और बीकाम की सीटों पर दाखिला की प्रक्रिया पूरा कर लिया जाएगा। शासन की मंशा के अनुसार समय से नए सत्र की कक्षाओं में पढाई शुरू कर दी जाएगी।-डा. विष्णु चंद त्रिपाठी, प्राचार्य राज कालेज