जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति की अध्यक्षता में भवन निर्माण समिति की हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिया गया। परिसर में 204 कमरों का नया हास्टल बनाने के साथ हास्टलों को सोलर लाइट से जोडने पर सहमति बनी। शासन के निर्देश तय हुआ यदि कोई कार्यदायी संस्था एक करोड़ से अधिक लागत का काम कराती है तो उसकी जांच दूसरी एजेंसी से कराने के बाद भुगतान किया जाएगा। नए भवनों के साथ पुराने भवनों के हैंड ओवर करने से पहले यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। क्रास चेकिंग कराने के बाद ही किसी एजेंसी का भुगतान किया जाएगा।
समिति में तय हुआ कि परिसर में एक नए गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए निर्माण एजेंसियों से गेस्ट हाउस के निर्माण में आन वाले खर्च का डिटेल मांगा गया। राष्ट्रीय उच्चतक शिक्षा अभियान रूसा द्वारा वित्तपोषित संगोष्ठी भवन का निर्माण चल रहा है। इसी से जुड़ा एक गेस्ट हाउस का निर्माण भी होना है। समिति ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि जुुलाई माह तक इस भवन को पूरा साज सज्जा के साथ हैंड ओवर करें। समय से हैंड ओवर नहीं करने पर एजेंसी खुद जिम्मेदार होगी। छात्र सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से हास्टलों को सोलर लाइट से लैस करने पर स हमति बनी। तय हुआ कि सभी हास्टलों को सोलर पैनल से जोड़कर बिजली की समस्या से मुक्त करा दिया जाए। साथ 204 कमरों का नया हास्टल का निर्माण कराने पर सहमति बनी। बैठक में कार्यपरिषद के सदस्यों के साथ अधिकारियों ने निर्माण संबंधी लिए गए निर्णय पर सहमति जताई। बैठक में कुलपति प्रो. राजाराम यादव, वित्त अधिकारी एमके सिंह, रजिस्ट्रार सुजीत कुमार जायसवाल, डा. मनोज मिश्र के अलावा कार्यपरिषद के सदस्य मौजूद थे।