बरसठी। तहसील में बुधवार को खतौनी कार्यालय खुलते ही कर्मचारियों ने रेट बोर्ड पर 15 रूपये का बोर्ड लगा दिया। तहसीलदार ने खतौनी कार्यालय पहुंच कर मामले की जानकारी ली। जांच में काश्तकारों ने रेट बोर्ड से अधिक पैसा लेने की बात बताई। तहसीलदार ने जांच के बाद शीघ्र कारवाई का आश्वासन दिया।
अमर उजाला में प्रकाशित खतौनी देने के नाम पर हो रही वसूली का समाचार प्रकाशित होते ही बुधवार की सुबह पेंटर को बुलाकर रेट बोर्ड को बदवा दिया गया। 11 बजे तहसीलदार मदन मोहन वर्मा ने खतौनी कार्यालय पर पहुंच कर प्रभारी राजेश यादव को 15 रुपये में खतौनी देने की बात कही। तहसीलदार ने सुरेरी के काश्तकार हीरामनी देवी, कान्हपुर बरसठी के रोशन यादव, पल्टूपुर के अच्छेलाल से जब पूछा कि खतौनी कितने का मिला तो सभी ने कहा कि 20 रुपये में। बाद में पुन: प्रभारी को सरकारी रेट में देने की आदेश देकर तहसीलदार चले गए। थोड़ी देर में भाजपा के रामपुर मंडल अध्यक्ष ने छ: खतौनी के लिए 120 रुपये दिए। उन्होंने कहा कि तहसील में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। ज्यादा पैसा लेने का पत्र हम मुख्यमंत्री को लिखेगे। इस सम्बन्ध में जब तहसीलदार मदन मोहन वर्मा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम हाईकोर्ट का एक कागज देखने गए थे। काउंटर पर हो हल्ला हो रहा था। हिदायत देकर आया हूं कि 15 रूपये में ही खतौनी दी जाए। अगर कोई लिखित शिकायत करता है तो जांच के बाद कारवाई होगी।