बदलापुर। आजीविका एवं कौशल विकास दिवस पर बदलापुर ब्लाक सभागार में शनिवार को राजकीय आईटीआई सिद्दीकपुर छात्रों के बनाए माडल प्रदर्शित किए गए। स्वयं सहायता समूहों को कर्ज और बेरोजगारों को जाब लेटर दिया गया। उद्घाटन विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने की। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज योजना क्रांतिकारी कदम है। इसके जरिए लोगों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। वाराणसी के पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि देश-प्रदेश की भाजपा सरकारें हर वर्ग के विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। पूर्व विधायक बांकेलाल सोनकर ने कहा कि भाजपा सरकार सबका विकास करने में जुटी है। प्रभारी उपायुक्त स्वत: रोजगार कमलेश सोनी ने 12 ब्लाकों के 39 स्वयं सहायता समूहों को 15-15 हजार रुपये की रिवाल्विंग फंड की धनराशि दी और 20 स्वयं सहायता समूहों को व्यवसाय करने के लिए 50-50 हजार रुपये ऋण का प्रमाणपत्र दिया।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजीव कुमार सिंह द्वारा कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 15 लाभार्थियों को विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए आफर लेटर वितरित किया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 10 लोंगों को प्रमाणपत्र दिया गया। इसके अलावा किसानों को मृदा परीक्षण कार्ड भी बांटा गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूह सहित खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, डूडा आदि द्वारा स्टाल भी लगाया था। कार्यक्रम का संचालन जिला सेवा योजन अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर संदीप तिवारी, विनोद शर्मा, साहबलाल, दुर्गेश तिवारी, विनोद तिवारी, सतईराम, गंगा सिंह, पंकज मिश्र, अजीत सिंह, निशा यादव आदि उपस्थित रहे। आईआईटी के छात्रों ने माडलों की प्रदर्शनी लगाई, जिसमें जेसीबी की सबने सराहना की। कार्यक्रम में आए लोगों ने बच्चों के इस प्रतिभा की खूब सराहना की। उक्त बच्चों ने प्रचार्य एसबी वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी का स्टाल लगाया था।