जौनपुर। ओलंदगंज में वर्ष 2010 में चक्का जाम करने और पूर्व गृहमंत्री पी चिदंबरम का पुतला फूंकने के मामले में जफराबाद के भाजपा विधायक डॉ हरेंद्र सिंह के खिलाफ सीजेएम ने बुधवार को गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 19 जून को होगी। हरेंद्र सिंह तब भाजपा के कार्यकर्ता थे।
कांस्टेबल मनोज व कांस्टेबल राजेंद्र ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई था कि 28 अगस्त 2010 को अजय पांडेय, डॉक्टर हरेंद्र सिंह, ईश्वर देव, राकेश आदि ने पी चिदंबरम का पुतला लेकर प्रदर्शन किया और ओलंदगंज में रास्ता जाम कर दिया। साढ़े 10 बजे पुतला फूंककर आपत्तिजनक नारेबाजी की। पुलिस द्वारा कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने के बाद आरोपी तलब हुए और उनकी जमानत भी हुई। इसके बाद डॉ. हरेंद्र कई तिथियों से कोर्ट में गैरहाजिर रहे। कोर्ट ने उनके खिलाफ पहले जमानती वारंट जारी किया। एक वर्ष पूर्व पुलिस ने यह रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल की कि डॉ. हरेंद्र भाजपा विधायक हैं और इस समय घर पर नहीं हैं, विदेश में हैं। तब कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया। बीच में शासन द्वारा मुकदमा वापस लेने की भी बात उठी और पत्रावली का विवरण तैयार हुआ लेकिन आगे की कार्यवाही नहीं हुई। कोर्ट ने एक बार फिर गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।