खुटहन (जौनपुर)। क्षेत्र के तिसौली, पनौली और ब्लाक मुख्यालय के बगल साधन सहकारी समिति प्रांगण में रविवार को डा. बीआर आंबेडकर की जयंती मनाई गई। जिसमें वक्ताओं ने उन्हें गरीबों और दलितों का मसीहा बताया। मुख्य अतिथि सपा विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि बाबा साहब जीवन पर्यंत गरीबों, निरीहो और दलितों के उत्थान के लिए प्रयत्नशील रहे। वह इनकी आर्थिक मजबूती ही नहीं शैक्षिक उन्नति के भी हिमायती रहे। उन्हीं के प्रयास से दलितों को संवैधानिक अधिकार भी मिला है। उन्होंने कहा कि वे मानते थे कि बगैर शिक्षा के समृद्धि संभव नही है। एक शिक्षित ब्यक्ति ही अपने अधिकारों, कर्तव्यों और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निर्वहन कर सकता है। उनके बताए गए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर राजेश, सतीश, नवीन, हंस राज, राहुल, रितेश आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता राजेन्द्र प्रसाद यादव तथा संचालन शिव पूजन ने किया। आयोजक कतवारू राम ने आभार जताया।