शाहगंज। नगर के फैजाबाद मार्ग स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति में गुरुवार की दोपहर मल्हनी विधायक व पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव ने समिति के संस्थापक अध्यक्ष रहे समाजसेवी स्व. बाबा देवतादीन यादव की मूर्ति का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने देवतादीन यादव को किसान हितों के लिए संघर्ष करने वाला महान समाजसेवी बताया। मूर्ति अनावरण के बाद आयोजित कार्यक्रम में श्री यादव ने कहा कि किसान देश का सबसे महत्वपूर्ण अंग होता है। किसान के हितों के संबंध में किसी तरह की उदासीनता नहीं होनी चाहिए। लेकिन सरकार किसान के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है। कार्यक्रम के आयोजक देवतादीन यादव मेमोरियल ट्रस्ट के प्रबंधक प्रभानंद यादव ने अपने उद्बोधन में देवतादीन यादव के जीवन संघर्ष के बारे में विस्तृत रुप से प्रकाश डाला।