मछलीशहर। मतरी गांव में सोमवार को सुबह नाले के किनारे युवती की लाश बरामद हुई। शव के पास से कीटनाशक दवा का रैपर, मोबाइल फोन, पानी की बोतल, गिलास और सिरिंज बरामद हुई। पुलिस हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौैत की असली वजह का पता चल सकेगा।
मतरी गांव निवासी राम कृपाल की पुत्री पूनम पटेल(21) रविवार की शाम को शौच के लिए खेत की तरफ गई थी। काफी देरतक वह घर नहीं लौटी तो परिवार वालों को चिंता हुई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो रात में करीब दस बजे परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार को सुबह गांव के लोग खेत की तरफ गए तो नाले के किनारे पूनम की लाश मिली। शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर डाग स्क्वाड भी पहुंची लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी हुई है। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी 21 जून को महराजगंज थाना क्षेत्र के आनापुर गांव में तय थी। पुलिस ने लाश के पास से बरामद कीटनाशक, सिरिंज, पानी की बोतल, मोबाइल आदि कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज कर कर्रवाई की जाएगी।