जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव में पिता की हत्या और मां के जेल जाने से बेसहारा हुए उसके दोनों बच्चों की मदद बाल कल्याण समिति करेगी। गुरुवार को बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल यादव, सदस्य आनंद प्रेमधन और बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय आरा गांव पहुंचे और बच्चों से मुलाकात की। पिता की तेरहवीं बीतने के बाद समिति ने बच्चों को संस्था के कार्यालय पर बुलाया है।
आरा गांव निवासी रामजीत राजभर की पांच अप्रैल की रात उसके घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव एक किलोमीटर दूर भकुरा गांव के पास खेत में फेंक दिया गया था। पता चला कि पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रामजीत की हत्या करा दी थी। पुलिस ने रामजीत की पत्नी को जेल भेज दिया। अब उसके दोनों बच्चे बीमार दादी के भरोसे पल रहे हैं। उनकी देखभाल करने वाला परिवार में कोई और नहीं है। बड़ा बेटा 12 वर्ष और छोटा चार साल का है। इस सूचना पर बाल कल्याण समिति की टीम आरा गांव पहुंची थी।