मुफ्तीगंज। विकास खंड के नयपूरा खरचनपुर घाट पर पीपा का पुल नहीं लगाए जाने से लोगों को जिला मुख्यालय आवागमन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को या तो दूसरे रास्ते से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है या फिर नाव के सहारे जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं।
पूर्व विधायक गुलाबचंद सरोज ने 16 मार्च 2013 को नयपूरा खरचनपुर घाट पर पीपा पुल लगवाया था। इससे एक दर्जन से अधिक गांव के लोग कम दूरी तय कर आसानी से जिला मुख्यालय पहुंच जाते थे। वर्तमान समय में यहां से पीपा पुल हटा दिया गया है जिससे उन्हें जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 15 किमी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। क्षेत्र के शिवशंकर राय, रामनेत यादव, सत्यनारायन यादव, मुन्ना विश्वकर्मा, कृपा यादव, पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार नागर, शिवशंकर नागर आदि ने बताया कि चार साल इस पुल के लगने से क्षेत्र की जनता कम समय में जिला मुख्यालय पहुंच जाती थी। उन्होंने पीपा पुल निर्माण की मांग जिला प्रशासन से की है।