जिला पंचायत की बैठक में 1.33 अरब का बजट मंजूर
आमदनी के मद में 50.15 करोड़ और खर्च के मद में 83.23 करोड़ का बजट पास
मोबाइल टावरों से 25 हजार सालाना वसूल करेगा जिला पंचायत
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में भारी शोरसराबे के बीच 1.33 अरब का बजट पास हो गया। बैठक में सदस्यों ने गांव में किसी भी प्रकार के निर्माण के लिए नक्शा पास कराने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया जबकि मोबाइल टावरों से प्रति वर्ष 25 हजार वूसल किए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। इस नई व्यवस्था से जिला पंचायत को प्रति वर्ष ढाई करोड़ की आमदनी होगी। बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष राजबहादुर यादव की अध्यक्षता में आयोजित थी।
मिनी सदन की कार्यवाही शुरु हुई तो अपर मुख्य अधिकारी राहुल सिंह ने पहले पिछली बैठक की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया। फिर एक एक कर सभी एजेंडों पर चर्चा शुरू हुई। बैठक में जिला पंचायत के पुनरीक्षित बजट समेत कई अन्य एजेंडो पर चर्चा हुई। खर्च के मद में 83 करोड़ 23 लाख 55 हजार जबकि आमदनी के मद में 50 करोड़ 15 लाख का बजट मंजूर कर लिया गया। ग्रामीण इलाकों में किसी भी प्रकार के निर्माण के लिए जिला पंचायत से अनुमति लिए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई तो जिला पंचायत सदस्य भड़क गए। जिससे यह प्रस्ताव पास नहीं हो सका। शासन से प्राप्त माडल के अनुसार एएमए ने प्रस्ताव रखा था कि ग्रामीण इलाकों में सभी प्रकार के भवनों का नक्शा पास कराना अनिवार्य किए जाने और जिला पंचायत से अनुमति लिया जाय। सदस्यों ने दलील दी कि ऐसी व्यवस्था लागू होने से तमाम गरीब और सामान्य परिवारों के लिए मुशीबत खड़ी हो जाएगी। ऐसा वे हरगिज नहीं होनेंदेंगे। ग्रामीण इलाकों में मोबाइल टावरों पर नियंत्रण लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई तो प्रत्येक टावर से 25 हजार रुपये प्रति वर्ष वसूल किए जाने के प्रस्ताव पर सदस्य सहमत हो गए। जिले में एक हजार से अधिक मोबाइल टावर हैं। इससे जिला पंचायत को प्रति वर्ष करीब ढाई करोड़ से अधिक की आमदनी होगी।