जलालपुर। तालमझवारा गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में मंगलवार की रात वृंदावन से पधारे व्यास शरद कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कृष्ण और राधा का प्रेम दुनियां में आदर्श है। श्रीकृष्ण और रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव विह्वल कर दिया। रुक्मिणी विवाह की झांकी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही।
व्यास शरद कृष्ण ने कथा के प्रारंभ में राधा और रुक्मिणी के समर्पण व दोनों की भावनाओं के फर्क को बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण व राधा का प्रेम दुनिया में आदर्श है। प्रेम दुनिया की सबसे पवित्र वस्तु है। इसे समझने और जीवन में उतारने की आवश्यकता है। अंत में रुक्मिणी विवाह की झांकी देखते ही श्रद्धालु खड़े हो गए। संयोजक शिवप्रकाश पांडेय ने आरती उतार गोबर्धन पूजा की और छप्पन भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया। इस मौके पर राजेश मिश्रा, सूर्यनारायण, सूर्यमणि, मल्लू, अंबुज, नीरज, शैला, राका, रिंका, गुड़िया, रूपा, पुष्पा, सुशीला पांडेय आदि मौजूद रहीं।