जौनपुर। सुइथाकला के ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव के खिलाफ अविश्वास का नोटिस देने के मामले में हाईकोर्ट ने जिलाधिकारी से तीन दिन में शिकायत का निस्तारण करने को कहा है। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 16 अप्रैल को बैठक बुलाई गई है।
93 बीडीसी सदस्यों में 67 सदस्यों ने ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस जिलाधिकारी को दिया था। डीएम ने 16 अप्रैल को बैठक की तिथि निर्धारित कर दी। उधर, मिथिलेश यादव ने जिलाधिकारी को पत्र देकर कहा था कि नोटिस पर ज्यादातर सदस्यों के हस्ताक्षर फर्जी हैं। मिथिलेश यादव का आरोप है कि उनकी बात अनसुनी करके अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तिथि तय कर दी गई। उन्होेंने हाईकोर्ट में इस संबंध में वाद दायर किया। हाईकोर्ट ने 11 अप्रैल को सुनवाई के दौरान जिला मजिस्ट्रेट को तीन दिन के भीतर शिकायत का निस्तारण करने और उसकी सूचना 16 अप्रैल तक देने को कहा है।