जौनपुर। बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ विषयक एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन शनिवार को डॉलिम्स सनबीम स्कूल हमाम दरवाजा में किया गया। जिसमें बेटियों को शिक्षित करने और सशक्त बनाने पर जोर दिया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी रहे। उन्होंने कहा कि एक बेटी का पिता होने पर मैं गर्व महसूस करता हूं। बेटियों के जन्म लेने पर उत्सव मनाये। साथ ही उनका हर कदम पर सहयोग करें। लड़के एवं लड़कियों में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं रखें। शिक्षा हो या खेलकूद सभी क्षेत्रों मे आगे बढ़ने के लिए बेटियों को भी प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना के द्वारा बेेटियों को आगे ले जाने का कार्य किया जा रहा है। बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं है। लोगों से अपील किया कि जब भी आपके घर बेटी का जन्म हो तो सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट अवश्य करेें। उपजिलाधिकारी सदर प्रियंका प्रियदर्शनी ने कहा कि अगर मां, बहन, पत्नी शिक्षित होंगी तो परिवार शिक्षित होगा और परिवार शिक्षित होगा तो समाज शिक्षित होगा । जब समाज शिक्षित होगा तो देश शिक्षित होगा। उन्होंने लोगों से बेटियों को पढ़ाने का अनुरोध किया। जिससे वे आत्म निर्भर बन सके। एसडीएम ने छात्रा अबीरा द्वारा बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं पर मनमोहक कविता प्रस्तुत करने और जिलाधिकारी द्वारा गुंजा को सिलाई मशीन देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डा. अब्दुल कादिर खान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय, डा.क्षितीज शर्मा, डा. जान्हवी, सारिका सोनी आदि उपस्थित रहे।