जौनपुर। कृषि भवन परिसर में चल रहे तीन दिवसीय लोक कल्याण मेले में दूसरे दिन रविवार को सन्नाटा पसरा रहा। मेले में लोगों की भीड़ नहीं आई। स्टालों से भी कर्मचारी नदारद रहे। सिर्फ विभागों का बैनर व कुर्सी मौजूद रही। ऐसे में मेला अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रहा है। सोमवार को मेले का समापन होगा।
प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर उपलब्धियों व संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को अवगत कराने के लिए जिले में शनिवार को कृषि भवन परिसर में तीन दिवसीय लोक कल्याण मेला का शुभारंभ हुआ। जिसका उद्घाटन प्रभारी मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने किया। उद्घाटन के दौरान अधिकारियों सहित लोगों की भारी भीड़ रही। इस दौरान जिला पंचायत राज विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग सहित स्वयं सहायता समूह के लाभार्थियों व किसानों द्वारा स्टाल लगाए गए थे। लेकिन रविवार को इस मेले में न तो किसानों की भीड़ रही और न हीं अन्य लोग ही आए। विभागों के अधिकारियों का भी कहीं पता नहीं था। सब लोग रविवार की छुट्टी मना रहे थे। पूरे दिन भर सिर्फ सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान जिला पंचायत राज विभाग व स्वास्थ्य विभाग आदि के लगे स्टालों पर लोगों को जानकारी देने के लिए कोई सामान नहीं रखा गया था, जो कर्मचारी थे वे भी इधर-उधर टहलकर समय काट रहे थे।
सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों एवं योजनाओं की दी जानकारी
जौनपुर। लोक कल्याण मेला में स्टाल लगाकर सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियां देने का विभागों ने दावा किया है। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा है कि लोक कल्याण मेला 31 मार्च से 2 अप्रैल तक कृषि भवन परिसर में चल रहा है। जिसमें सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों व योजनाओं को आमजन मानस तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके उपरांत 4 एवं 5 अप्रैल को सभी तहसील स्तर पर लोक कल्याण मेला का आयोजन किया जाएगा।