जौनपुर। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को हुई अगलगी की घटना में दूकान, मकान, रिहायशी छप्पर समेत कई बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
खुटहन क्षेत्र के सलहदीपुर गांव निवासी राजपत वर्मा के घर गुड़ पकाया जा रहा था। तभी भट्ठे से निकली चिंगारी से मड़हे में आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची लेकिन उसके पास पानी नहीं था। ग्रामीणों की मदद से जबतक आग पर काबू पाया जाता तबतक राजपत व मनोज रजक का रिहायशी छप्पर और उसमें रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। उधर क्षेत्र के सौरइयां गांव में अज्ञात कारण से लगी आग से रामफेर पासवान का दो रिहायशी छप्पर जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।आग से टीवी, साइकिल,गद्दा,रजाई, अनाज आदि सामान जल गया।
गौराबादशाहपुर के कबीरूद्दीनपुर गांव में तीन किसानों की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दोपहर में पहले रामचरित्र के खेतों में आग लग गई। जबतक आग पर काबू पाया जाता तबतक आग ने वकिराल रूप धारण कर लिया। भोला यादव तथा तेजबहादुर का तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पलई का पूरा गांव में शार्टसर्किट से बांस की कोठ में आग लग गई। पास में रखा राम अचल का पुआल का ढेर भी जलकर राख हो गया। सतहरिया के साहबगंज मोहल्ले में स्थित एक दूकान में अचानक आग लग गई। दूकान में रखी 10 हजार रुपये कीमत की झाड़ू और अन्य सामान जल गया। घनश्यामपुर कस्बे में स्थित बृजेश विश्वकर्मा की फर्नीचर की दुकान में दिन में करीब दस बजे अचानक आग लग गई। जबतक आग पर काबू पाया गया तबतक हजारों का फर्नीचर जलकर राख हो गया। बरसठी के परियत और राजापुर गांव के आठ किसानों की पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। परियत गांव के लालबहादुर यादव, राधे दुबे, शौकत अली, रामलाल दुबे ती तीन एकड़ और राजापुर के ओमप्रकाश तिवारी, मांगुल उपाध्या. संजय सिंह और दीनानाथ की दो एकड़ फसल जल गई। गन्ना किसान पेड़ी जला रहा था तभी हवा के झोंके से आग की चिंगारी बगल के गेंहू के खेत में पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।