मुंगराबादशाहपुर/सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर कस्बे में विद्युत आपूर्ति पिछले 43 घंटों से बाधित है। बुधवार को शाम 7 बजे तक बिजली नहीं आई। कारण ट्रांसफार्मर फूंक जाना बताया जा रहा है। सोमवार और मंगलवार की रात भर लोग परेशान रहे। सुबह कई लोगों को पानी भी नसीब नहीं हो पाया।
सोमवार रात बजे 12 बजे ओवरलोड के कारण अचानक सिपाह मोहल्ले में ट्रांसफार्मर जल गया। जिससे पुरानी बाजार, सब्जी मंडी, साहबगंज, नईगांव, अजही, काली मंदिर, गोला मंडी, लाई मंडी सहित कई मोहल्लों में अंधेरा हो गया। लोगों ने अधिकारियों से शिकायत की लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। विद्युत विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण 43 घंटे बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सका है। जिससे कई इलाकों में तो पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। गर्मी व मच्छरों के प्रकोप से रात में लोगों की नींद हराम हो गई है। एसडीओ राहुल कुमार का कहना है कि हड़ताल की वजह से ट्रांसफार्मर नहीं लग सका है। ट्रांसफार्मर लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक सप्ताह से जला है ट्रांसफार्मर
मछलीशहर। क्षेत्र के अरुआवा गांव में एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर जल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। प्रदेश सरकार जहां 24 घंटे के अंदर जले ट्रांसफार्मर को बदलने का निर्देश विभाग को जारी किया है। वहीं सप्ताहभर बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। जिससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। गाँव के शिवकुमार, कन्हैया लाल, प्यारेलाल, प्रमोद कुमार, दिनेश कुमार ने ट्रांसफार्मर बदलवाने की अपील की है।