केराकत। रामनवमी पर्व पर हिन्दू युवा वाहिनी की ओर से शनिवार को केराकत में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान हाथी, घोड़े के साथ भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, और दुर्गा का रूप धरे बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं जय श्रीराम के जयकारे से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था।
राम,सीता व हनुमान बने बच्चे रहे आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा नरहन मोहल्ले में स्थित रामजानकी मंदिर से शुरू होकर कोतवाली चौराहे से होते हुए पूरे नगर का भ्रमण करने के बाद वापस मंदिर में आकर समाप्त हो गई। इस दौरान केशरिया पगड़ी पहने भारी संख्या में हिंदू वाहिनी के सदस्य भगवान राम व भारत माता के जयकारे लगाते चल रहे थे। सुरक्षा के लिए केराकत समेत अनेक थानों की पुलिस और पीएससी तैनात रही। इस अवसर पर हिन्दू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी अम्बरीष सिंह और जिलाध्यक्ष अनिल दूबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ केशरिया झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर जिला संयोजक विपिन सिंह, विशाल दूबे, सुनील सोनकर, प्रियांशू विश्वकर्मा, मोनू सेठ, अमित कमलापुरी, अनूप दीक्षित, अंकित तिवारी, दिवाकर सोनकर, हिमांशू आदि रहे।