जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के हड़ही गांव में आठ वर्ष पूर्व धनंजय सिंह पर प्राण घातक हमला करने के चार आरोपियों को दोषी करार दिया गया। अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय सुनील कुमार सिंह द्वितीय ने खुले न्यायालय में उन्हें चार वर्ष का कारावास एवं साढ़े सात-सात हजार रुपये के जुर्माना की सजा सुनाई।
हड़ही गांव निवासी धनंजय सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था कि पुरानी रंजिश में गांव के ही आरोपी राजेंद्र बिंद, चैतू केवट, संजय व विजय बिंद दो जुलाई 2010 को शाम साढ़े पांच बजे गालीगलौज करने लगे और लाठी-डंडे से हमला कर दिये थे। शोर मचाने पर भाई रणंजय व बेटा पंकज आए तो आरोपियों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने मामले की विवेचना कर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया। अभियोजन पक्ष से सहायक शासकीय अधिवक्ता अली अरशद ने छह गवाह पेश किए। न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की बहस एवं तर्कों को सुनने के पश्चात चारों आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
बार काउंसिल चुनाव में 77.35 फीसद मतदान
जौनपुर। बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में शुक्रवार व शनिवार को कुल 77.35 फीसद मतदान हुआ। 4297 मतदाताओं में 3324 ने मतदान किया। शुक्रवार को 1887 मत एवं शनिवार को 1437 मत पड़े। बार काउंसिल के सदस्य पद के लिए प्रदेश भर से 298 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 25 सदस्य चुने जाएंगे।शनिवार को रिटर्निंग ऑफिसर डीजीसी फौजदारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शान्तिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न हुआ। पीएसी के जवान, कई थानों की पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से तैनात की गई थी। 50 से अधिक संख्या में कुर्सियां लगाई गई थी इससे एक बार में 50 से अधिक अधिवक्ता वोटिंग कर रहे थे। भीड़ न जुटने पाए और क्रमबद्ध मतदान हो इसके लिए 50 से साठ की संख्या में अधिवक्ताओं की टीम निरंतर देखरेख व संचालन कर रही थी। फर्जी वोटिंग रोकने के लिए अधिवक्ताओं के प्रमाण पत्र विधिवत चेक किए जा रहे थे। जिले के 5 प्रत्याशी मैदान में हैं। द्वितीय चरण का चुनाव अन्य जिलों में 27 व 28 मार्च को होगा। जिसमें जिले के अधिवक्ता अपने अपने प्रत्याशियों को अधिक से अधिक मत दिलाने की तैयारी में जुट गये हैं।