विकास खंड रामनगर के ग्राम सभा नोकरा गांव का चयन 2015-16 में समग्र गांव के रूप में हुआ था। लोहिया आवास के लिए 61 लाभार्थियों का चयन भी हुआ लेकिन चयन होने के उपरांत लोहिया आवास के मानक को दरकिनार कर आवास तो बनाया गया। लेकिन उन्हें सुविधाएं नहीं दी गई। इसी मामले को लेकर लाभार्थियों ने गुरूवार को प्रदर्शन किया।आरोप है कि लाभार्थियों को जो मजदूरी, सोलर लाइट, व आवास में लगाने के लिए पंखा मिलता है वह 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी अभी तक नहीं मिल पाया। जिसे लेकर लाभार्थी आए दिन ब्लॉक मुख्यालय से लेकर ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी से गुहार लगाते रहते हैं। लेकिन उन्हें महज आश्वासन ही मिलता हैं। कुछ दिनों तक तो लाभार्थियों को यह कहा गया की मजदूरी, सोलर लाइट व पंखा जल्दी आप लोगों को दिला दिया जाएगा। जिसकी उम्मीद में ग्रामीण आज तक इंतजार करते रहे। लेकिन कुछ लाभार्थियों ने जब सेक्रेटरी इंद्रजीत पाल से इस बाबत जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने बताया कि सत्र समाप्त हो चुका है अब आप लोगों को यह सुविधाएं नहीं मिल पाएंगी। जिससे नाराज नोकरा गांव के ग्रामीणों ने लाभार्थियों संग सैकड़ों की संख्या में ब्लाक मुख्यालय पहुंचकर गुरुवार दोपहर जमकर हंगामा किया। लाभार्थियों ने ग्राम विकास अधिकारी को पत्र भी सौंपा। जिसमें लाभार्थियों ने गांव में ही तैनात सफाई कर्मी रतन लाल यादव पर मजदूरी सहित शेष बचे सामानों को दिलाने के नाम पर प्रत्येक लाभार्थियों से मोटी रकम वसूलने का भी आरोप लगाया। घंटों चले प्रदर्शन के बाद विकास खंड अधिकारी रामनगर रमाकांत सिंह के समझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रदर्शन करने वालों में सुमित्रा, अनिता देवी, गीता देवी, सिमा देवी, विष्णु दुबे, जमुना, सरिता देवी, अमरावती देवी,नाजमा,माधुरी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। बीडीओ रामनगर रमाकांत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच की जाएगी।