जौनपुर। जौनपुर नगर पालिका के नवगठित आठ वार्ड शहर का हिस्सा तो बन गए लेकिन वहां बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। वार्ड का गठन हुए डेढ़ साल से ज्यादा हो चुका है लेकिन न तो सफाई का बंदोबस्त हो पाया है और मार्ग प्रकाश का। पेयजल और सड़क का निर्माण तो नहीं ही हो पाया है।
नगर पालिका परिषद जौनपुर में पहले 31 वार्ड थे। तब नगर पालिका की क्षेत्र की जनसंख्या एक लाख 81 हजार नौ थी। बाद में कुछ ग्रामीण इलाकों को शामिल करके आठ नए वार्ड बना दिए गए। अब आबादी दो लाख 41 हजार 523 हो गई है। शहर में रहने वालों की संक्या में 60, 514 की वृद्घि हुई और गृहकर से आय भी बढ़ी लेकिन सुविधाओं की बढ़ोतरी के लिए ज्यादा कुछ नहीं किया गया। नए वार्डों के गठन का गजट जुलाई 2016 में किया गया था। नए वार्डों में हर्दीपुर, डेरायुसूफ, देवचंदपुर, मीरपुर, कलीचाबाद, सैदनपुर, चांदपुर, गंगापट्टी शामिल हैं। नगर पालिका चुनाव में इन क्षेत्रों से सभासद चुनकर सदन में पहुंचे भी लेकिन वे भी विकास कार्य नहीं करा पाए हैं। इन वार्डो में पेयजल की पाइप लाइन, स्ट्रीट लाइट, नलकूप, सड़क, नाली व नाला आदि की सुविधा अभी तक नहीं हो पाई हैं। यहां तक कि सफाईकर्मी भी तैनात नहीं है और गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
कोट:
नये वार्डों में विकास कार्य कराने पर विशेष जोर देना होगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है, जिसे शासन को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद इन वार्डों में काम कराया जाएगा।-कृष्णचंद्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका