जौनपुर। वासंतिक नवरात्रि के दूसरे दिन भी देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम एवं परमानतपुर स्थित मैहर माता मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। पूरा मंदिर परिसर घंटे घड़ियालों की गूंज से गूंजायमान हो गया। भक्तों ने माता का दर्शन पूजन कर मन्नतें मांगी। भोर में ही मंदिरों के कपाट खोल दिए गए थे। देर रात तक दर्शन पूजन जारी रहा। लोगों ने मत्था टेककर मन्नतें मांगी।
सोमवार को नवरात्र के दूसरे दिन प्रात: काल से ही मां के दर्शन-पूजन के लिए दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। परमानतपुर स्थित श्री मां शारदा शक्तिपीठ मैहर वाली मंदिर जिले की प्रसिद्ध मंदिरों में से एक हैं। मां की महिमा की ज्योति इस धरती पर विराजमान है जिससे लगातार मनोकामनाएं पूर्ण होने से श्रद्धालुओं का मेला लगा रहता है। मां के एक मात्र दर्शन से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पुरूष एवं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी लगे हैं। प्रसाद के लिए दुकानें सजी है। स्काउट गाइड के छात्र भी सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। शहर के विसर्जन घाट स्थित नवदुर्गा शिव मंदिर, रामजानकी मंदिर गूलर घाट, नखास स्थित मां काली मंदिर, सिटी स्टेशन स्थित मां दक्षिणा काली मंदिर, ताड़तला स्थित मां विध्यवासिनी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में माता के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ रही।