शाहगंज। भूमि संबंधित विवाद के मामले में न्याया की मांग को लेकर अनशन पर बैठे परिवार के दो सदस्यों की हालत रविवार की शाम अचानक बिगड़ गई। पहले दोनों ने पेट में दर्द की शिकायत की फिर अचेत हो गए। सूचना पर राजकीय चिकित्सालय से पहुंचे चिकित्सक ने इंजेशन लगाया और दोनों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को फोनकर वह चले गए।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के बनहरा गांव निवासी छोटू मौर्या का जमीन का एक विवाद चल रहा है। विवाद में न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को दोपहर छोटू मौर्या परिवार के सभी सदस्यों के साथ तहसील मुख्यालय पर अनशन पर बैठ गया है। अनशन से पहले पीड़ित ने तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। लेकिन कोई सुनवाई न होने से परेशान होकर वह शुक्रवार को से अनशन पर बैठ गया है। अनशन कर रहे लोगों में से राम दयाल मौर्या (29) व विजय कुमार मौर्या की पत्नी गीता देवी (35) की तबियत रविवार की शाम अचानक खराब हो गई। सूचना पर राजकीय पुरुष चिकित्सालय से डा. आरबी यादव, चीफ फार्मासिस्ट राजेश वर्मा व गिरीश चंद्र यादव की टीम ने अनशन स्थल पर पहुंच कर चिकित्सीय परीक्षण के उपरांत इलाज शुरू किया। दोनों को बेहतर उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाने के लिए एम्बुलेंस को फोन किए और लौट गए। उपजिलाधिकारी जेएन सचान का कहना है कि मामला न्यायालय में है। मौका देखकर मामले का निस्तारण करेंगे।