वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में रहने वाले 25 शिक्षकों और कर्मचारियों पर गलत तरीके से आवास में रहने के कारण 15 लाख का जुर्माना लगाया गया है। इन पर आरोप है कि आवास आवंटन समिति के अनुमति के बिना एक वर्ष से आवासों में कब्जा किए हैं। इनके आवासों पर 30 जनवरी को ही नोटिस चस्पा कर जुर्माना लगाने की सूचना दे दी गई है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से शिक्षकों और कर्मचारियों में खलबली है।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के रहने लिए चार तरह के आवास बनाए गए हैं। आवास आवंटन के लिए समिति बनी है। जो शिक्षक और कर्मचारियों के आवेदन पर उनके जरूरत को ध्यान में रखकर आवास का आवंटन करती है। इसके बावजूद 25 शिक्षक और कर्मचारी ऐसे हैं जो समिति से अनुमति लिए बिना ही आवासों का ताला तोड़कर मनमानी तरीके से रह रहे हैं। आरोप है कि शिक्षक और कर्मचारी एक जनवरी 1217 से इन आवासों पर कब्जा किए हुए हैं। तीस जनवरी 2018 को इन आवासों पर नोटिस चस्पा कर उन्हें खाली करने को कहा गया था। लेकिन अभी तक किसी ने आवास खाली नहीं किया। आवास पर कब्जा करने वाले शिक्षक और कर्मचारियों से 5 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से 15 लाख जुर्माना वसूल किया जाएगा। वित्त अधीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि वसूली के लिए लेखाजोखा तैयार कर लिया गया है। नोटिस की तैयारी की जा रही है।
कोट---
परिसर में मनमानी तरीके से आवास पर शिक्षक और कर्मचारियों ने कब्जा रखा है। जबकि आवास आवंटन के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति को सूचना दिए बिना ही आवासों में लोग रह रहे हैं। समिति के निर्णय पर उनसे 15 लाख की वसूली की जाएगी। वसूली के लिए आवासों पर नोटिस चस्पा कर दी गई है।
एमके सिंह, वित्त अधिकारी, पूविवि जौनपुर