जौनपुर। समाजवादी छात्र सभा द्वारा मंगलवार को जेसीज चौराहे पर प्रदेश के नागरिक उड्यन मंत्री नंद गोपाल नंदी का पुतला फूंककर सपा नेताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने कहा कि चाल, चरित्र व चेहरा की बात करने वाली भाजपा अपने कैबिनेट स्तर के मंत्री अमर्यादित बयान पर चुप्पी क्यों साधे है। नंद गोपाल नंदी ने मंच से अपशब्दों का प्रयोग किया, जिसकी चारों तरफ निंदा की जा रही है। मगर भाजपा के नेता चुप बैठे हैं। पुतला फुंकने वालों में टीडी कालेज के छात्र संघ उपाध्यक्ष कौशल यादव,पवन यादव,विनय यादव,प्रियम, हर्षवर्धन श्रीवास्तव, रिंकू कन्नौजिया, लालू यादव आदि रहे।
लेनिन की मूर्ति तोड़ने के घटना की निंदा
बदलापुर / घनश्यामपुर । त्रिपुरा में उन्मादियों द्वारा लेनिन की मूर्ति तोड़े जाने के विरोध में एसयूसीआई कम्युनिस्ट के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बदलापुर में प्रतिवाद दिवस मनाया । पार्टी कार्यालय से जुलूस निकाल कर सब्जी मंडी होते हुए पुराने पड़ाव से इंदिरा चौक पर पहुंच कर सभा की। इस दौरान मार्क्स, एंगेल्स ,लेनिन, स्टालिन , माओत्से तुंग जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
रविशंकर मौर्य , सपन चटर्जी व इंदु कुमार शुक्ल ने त्रिपुरा में मूर्ति तोड़ने की निंदा की। कहा कि केंद्र की भाजपा की सरकार उन्माद को बढ़ावा दे रही है। इसे रोकने के लिए जन आंदोलन चलाना जरूरी हो गया है। उन्होंने लेनिन की मूर्ति तोड़ने वालों को सजा देने की मांग की। श्रीपति सिंह ,प्रवीण कुमार शुक्ल, महेंद्र कुमार मौर्य, हीरालाल गुप्ता, अशोक कुमार खरवार, दिनेश मौर्या, विकास मौर्या, मिथिलेश कुमार मौर्य आदि लोग मौजूद थे ।